बिसा में असामाजिक तत्वों ने सरकारी सड़क निर्माण रोकने की कोशिश

0

अनगड़ा (रांची), संवाददाता: अनगड़ा प्रखंड के बिसा पंचायत अंतर्गत बिसा नवाटोली में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी सड़क निर्माण कार्य को रोकने की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व सरकारी मद से बनने वाली पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया गया था। शनिवार को संवेदक द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा था।

निर्माण कार्य शुरू होते ही कुछ असामाजिक तत्व, जिनमें मेघनाथ बेदिया, संजय लोहरा, छत्रपति बेदिया, विपता बेदिया एवं दिलेश्वर बेदिया सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क को रैयती जमीन बताते हुए निर्माण कार्य रोकने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि उन्होंने विधायक का नाम लेकर संवेदक से लेवी मांगने की भी कोशिश की। जब संवेदक ने इस अनुचित मांग का विरोध किया तो वे उससे उलझ पड़े।

बताया जाता है कि उक्त लोगों ने जिस भूमि पर सड़क निर्माण होना था, उसे वन विभाग की जमीन बताते हुए ग्रामीणों को भड़काने का प्रयास भी किया। मामले की सूचना मिलने पर भाजपा नेता जैलेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित लोगों ने उनकी बातों को नजरअंदाज करते हुए वहां राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जैलेंद्र कुमार ने सामाजिक हित को ध्यान में रखते हुए वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर भूमि का सत्यापन कराने का आग्रह किया। इसके बाद प्रभारी वनपाल नितिन कुमार गुप्ता एवं वनरक्षी कृष्णा महतो मौके पर पहुंचे और भूमि का नक्शे से मिलान किया। जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि संबंधित मार्ग नक्शे में दर्ज है और यह सरकारी रास्ता है। इस भूमि को लेकर किसी प्रकार का विवाद नहीं है।

इसके बाद ग्रामीणों की उपस्थिति में सड़क निर्माण कार्य को पुनः शुरू करा दिया गया।

हालांकि, इसके बाद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की। आरोप है कि विवाद के दौरान दिलेश्वर बेदिया द्वारा बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक राजनीतिक माहौल बनाया जा सके और जैलेंद्र कुमार की छवि को धूमिल किया जा सके। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी होने लगीं।


“सरकारी कार्य में बाधा बर्दाश्त नहीं” — जैलेंद्र कुमार

भाजपा नेता जैलेंद्र कुमार ने कहा कि कुछ लोग ओछी राजनीति कर सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के कारण विकास कार्य रुकने नहीं दिए जाएंगे। उनके रहते किसी भी संवेदक या सामाजिक कार्यकर्ता को डराने-धमकाने का प्रयास सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि समाज और जनकल्याण के लिए वे हमेशा खड़े रहेंगे।


“नक्शे में दर्ज है रास्ता, वन भूमि नहीं” — प्रभारी वनपाल

प्रभारी वनपाल नितिन कुमार गुप्ता ने बताया कि मौके पर पहुंचकर भूमि का नक्शे से मिलान किया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह रास्ता राजस्व नक्शे में दर्ज है और यह वन विभाग की भूमि नहीं है। इसलिए यहां सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है।


“ग्रामीणों की सुविधा के लिए बन रही है सड़क” — मुखिया

स्थानीय मुखिया ने कहा कि यह सड़क ग्रामीणों की सुविधा के लिए सरकारी योजना के तहत बनाई जा रही है। पंचायत स्तर पर इसकी जानकारी और सहमति है। कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश की गई, लेकिन जांच के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। विकास कार्य को किसी भी हालत में रुकने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *