जर्जर सड़क पर बढ़े कुंवारे, और राजनीति में बढ़ा तमाशा — विधायक के खिलाफ खुद उनके प्रतिनिधि का मोर्चा

0

अनगड़ा प्रखंड के बेंती और आसपास के गांवों में सड़क की बदहाली अब केवल विकास का मुद्दा नहीं रही, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक व्यंग्य का विषय बन चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क के कारण गांव में युवकों की शादी तक प्रभावित हो रही है, क्योंकि लड़की पक्ष के लोग गांव तक आने से ही कतराने लगे हैं। पिछले कई वर्षों से खराब पड़ी लगभग तीन किलोमीटर सड़क ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है।

सड़क की इसी समस्या को लेकर मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीण अनगड़ा प्रखंड कार्यालय पहुंचे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस से जुड़े स्थानीय नेता अजय आर्य ने किया।

यहां कहानी में असली मोड़ यह है कि अजय आर्य स्वयं अनगड़ा प्रखंड के खाद्य विभाग में कांग्रेस विधायक के प्रतिनिधि बताए जाते हैं। ऐसे में विधायक के ही प्रतिनिधि द्वारा सड़क के खिलाफ आंदोलन करने से स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि जब प्रतिनिधि खुद ही व्यवस्था का हिस्सा हैं, तो यह आंदोलन आखिर किसके खिलाफ है — प्रशासन के, सरकार के या फिर अपने ही तंत्र के?

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क इतनी खराब है कि बरसात के दिनों में यह सड़क कम और गड्ढों का मैदान ज्यादा लगती है। मजदूरों को रोज काम पर जाने में परेशानी होती है, किसानों को फसल बाजार तक ले जाने में दिक्कत होती है और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।

इसी बीच गांव के युवकों का दर्द भी सामने आया है। उनका कहना है कि सड़क की हालत देखकर कई बार लड़की वाले गांव आने से ही मना कर देते हैं, जिससे कई युवक अब तक कुंवारे हैं। ग्रामीणों का व्यंग्य है कि अगर जल्द सड़क नहीं बनी तो गांव में “कुंवारा संघ” बनाना पड़ सकता है।

दूसरी ओर इस पूरे घटनाक्रम ने अनगड़ा कांग्रेस खेमें में भी हलचल बढ़ा दी है। हालांकि पार्टी संगठन की ओर से इसे सामान्य राजनीतिक गतिविधि बताया गया है।

रांची जिला कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अजय उरांव ने कहा कि संगठन में सब कुछ सामान्य है और किसी प्रकार का मतभेद नहीं है।

“संगठन में सब कुछ ठीक है, कोई मतमोटाव नहीं है। विधायक जी क्षेत्र में विकास योजनाओं को लेकर गंभीर हैं और सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।” अजय उरांव, जिला उपाध्यक्ष, रांची जिला कांग्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *